पुणे में 'राजा रघुवंशी' केस जैसी सनसनी: मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर कारोबारी युवक को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया
पुणे में कारोबारी युवक केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने शादी से पहले लोहागढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या की साजिश रची और इसे हादसा बताने की कोशिश की।

मुश्ताक अहमद खान
Editor in chief

महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद ताजा कर दी है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर की। आरोप है कि दोनों ने केतन को लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किले की लगभग 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या कर दी और इसे हादसा साबित करने की कोशिश की।
नवंबर में होने वाली थी भव्य शादी
केतन पुणे के गहुंजे निवासी और अपने परिवार के रियल एस्टेट व्यवसाय में डायरेक्टर थे। वहीं सिया गोयल एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर के एक शाही पैलेस में तय थी। परिवार शादी पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी कर रहा था और मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक बुक किए गए थे।

प्री-बर्थडे और प्री-वेडिंग प्लान बना मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, केतन और सिया पहले बाली घूमने जाने वाले थे, लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोने का बहाना बनाकर यात्रा रद्द करा दी। इसके बाद महाबलेश्वर में प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन और लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की योजना बनाई गई। इसी दौरान सिया ने केतन को ट्रेकिंग के बहाने किले पर बुलाया, जहां कथित तौर पर पहले से मौजूद उसके प्रेमी चेतन के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पहली कोशिश नाकाम, दूसरी बार सफल हुई साजिश
जांच में सामने आया कि 14 जून को भी दोनों ने केतन की हत्या की कोशिश की थी। आरोप है कि सांप का डर दिखाकर उसे खाई में धकेलने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई। इसके बाद कुछ दिनों बाद दोबारा ट्रेकिंग का प्लान बनाकर केतन को मौत के घाट उतार दिया गया।



फोन रिकॉर्ड्स ने खोला राज
शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटना माना था क्योंकि सिया ने बयान दिया था कि केतन का पैर फिसलने से वह खाई में गिर गया। हालांकि जांच के दौरान फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से सिया और चेतन के रिश्ते का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
परिजनों ने मांगी फास्ट ट्रैक सुनवाई और फांसी
केतन के परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पिता ने सरकार से फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर जल्द न्याय दिलाने की अपील की है, जबकि मां ने सिया, उसके प्रेमी और कथित रूप से साजिश में शामिल अन्य लोगों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल डेटा और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। यह मामला एक बार फिर रिश्तों में विश्वासघात, सुनियोजित अपराध और शादी से पहले हुए हत्याकांड को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Editor in chief
मुश्ताक अहमद खानटिप्पणियाँ (2)
- अअमित कुमार2 घंटे पहले
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। FN News पर भरोसा बना रहता है।
- ससपना ठाकुर4 घंटे पहले
ग्वालियर-चंबल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!
संबंधित खबरें
ग्वालियर में एसएसपी से मिलने पहुंचे 4 हिस्ट्रीशीटर क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े, बाउंड ओवर की कार्रवाई
इंदौर में आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदला, ठेकेदार पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
पत्नी से संबंध के शक में युवक की हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने वाले दो दोषियों को फांसी की सजा
