ग्वालियर: 20% ब्याज के चंगुल से मुक्ति पाने को रची खौफनाक साजिश, मंदिर में कसम खाकर सूदखोर को उतारा मौत के घाट
ग्वालियर में 20 प्रतिशत का भारी-भरकम ब्याज और रोज-रोज की मानसिक प्रताड़ना... आखिरकार कर्जदारों के सब्र का बांध टूट गया। ग्वालियर की झांसी रोड थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मोहम्मद फ़ैज़ान
संपादक

सूदखोर की प्रताड़ना से तंग आकर चार लोगों ने की हत्या
ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां 20 प्रतिशत ब्याज के बोझ और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर चार लोगों ने एक सूदखोर की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर के रूप में हुई है, जो इलाके में ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 14 अक्टूबर की है, जब केदारपुर के पास छोटी मढ़ैया में पुरुषोत्तम का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल और विजय उर्फ खैरी ने पुरुषोत्तम से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। पुरुषोत्तम लगातार ब्याज के लिए उन पर दबाव बना रहा था और सार्वजनिक रूप से अपमानित भी करता था।
मंदिर में पूजा कर रची थी खूनी साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्या को अंजाम देने से तीन दिन पहले ही उन्होंने गांव के एक चबूतरे पर बैठकर पूरी योजना तैयार की थी। वारदात के दिन, आरोपी पहले शीतला माता मंदिर गए, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और पुरुषोत्तम की हत्या करने का प्रण लिया। मंदिर से माला पहनकर वे सीधे घटनास्थल पर पहुंचे।
घटनास्थल पर मिले गेंदे के फूलों ने पुलिस को इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी मदद की। इन फूलों से संकेत मिला कि आरोपी वारदात से पहले किसी धार्मिक स्थल पर गए थे। पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी के मायके जाते ही बनाया शिकार
आरोपियों ने हत्या के लिए उस समय को चुना जब पुरुषोत्तम घर पर अकेला था। उसकी पत्नी अपने भाई के एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर मायके गई हुई थी। 13 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपी रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को नींद से जगाया और ब्याज के हिसाब-किताब का बहाना बनाकर उसे घर के पास स्थित एक खेत में ले गया। वहां बातचीत के दौरान चारों ने मिलकर कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया।
हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक की गर्दन पर पांच और सिर पर दो गहरे घाव पाए गए। पुलिस को घटनास्थल से लेनदेन से जुड़ी एक पर्ची भी मिली थी, जिसने हत्या के पीछे के मकसद को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया।
72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस अंधे कत्ल का खुलासा करने के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। एएसपी डॉ. शिवेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के जरिए सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

संपादक
मोहम्मद फ़ैज़ान
टिप्पणियाँ (2)
- अअमित कुमार2 घंटे पहले
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। FN News पर भरोसा बना रहता है।
- ससपना ठाकुर4 घंटे पहले
ग्वालियर-चंबल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!